बारिश भी नहीं रोक पाई युवाओं का हौसला: ‘चलो टपकेश्वर’ अभियान में बटोरा २०० बोरा कचरा

5

देहरादून। सुबह से हो रही लगातार बारिश के बावजूद, देहरादून के युवाओं और छात्रों के एक स्व-वित्तपोषित (पॉकेट मनी से चलने वाले) पर्यावरण संगठन ने हर साल की तरह आज ‘चलो टपकेश्वर’ स्वच्छता और जागरूकता अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। रिमझिम फुहारों के बीच सुबह 7:00 बजे से 9:00 बजे तक चले इस विशेष अभियान में करीब 150 स्वयंसेवकों ने ऐतिहासिक टपकेश्वर महादेव मंदिर के समीप बहने वाली पवित्र तमसा नदी को स्वच्छ और पुनर्जीवित करने के संकल्प के साथ श्रमदान किया।
दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद स्वयंसेवकों ने नदी और उसके आसपास से लगभग 200 बोरा कचरा इकट्ठा किया। इस कचरे में मुख्य रूप से मंदिर की पुरानी सामग्री, सिंगल-यूज़ प्लास्टिक के रैपर्स और कांच की खाली बोतलें शामिल थीं, जो इस पवित्र स्थल पर लगातार बढ़ रहे प्रदूषण और इसके प्रति जागरूकता की तत्काल आवश्यकता को दर्शाती हैं।
इस बड़े कार्य को सफल बनाने में दून घाटी की विरासत और पर्यावरण के लिए काम करने वाली स्थानीय संस्थाओं का भी भरपूर सहयोग मिला। ‘आसरा ट्रस्ट’ (Aasraa Trust) और ‘बीन देयर दून दैट’ (Been There Doon That) के सदस्यों ने भी युवाओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर तमसा नदी की सफाई में हाथ बंटाया। अभियान के समापन पर ‘संयुक्त नागरिक संगठन’ द्वारा सभी भीगे और थके हुए स्वयंसेवकों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई। युवाओं और नागरिक समाज के इस अनूठे प्रयास ने साबित कर दिया कि यदि समाज एकजुट हो, तो मौसम की चुनौतियां भी जनहित के कार्यों का रास्ता नहीं रोक सकतीं।

Also Read....  मुख्यमंत्री ने बालिकाओं के साथ प्रधानमंत्री के मन की बात के 134 वें संस्करण को सुना

LEAVE A REPLY