Big News उत्तरकाशी जिले में निराकोट और कंकराड़ी में बादल फटा, तीन ग्रामीण लापता

808
Voice of Uttarakhand
उत्तरकाशी-   रविवार को उत्तरकाशी जिले में देर शाम शुरू हुई बारिश कहर बनकर टूटी। मुख्यालय के निकटवर्ती गांव निराकोट और कंकराड़ी में बादल फटने के बाद उफान के साथ आया मलबा घरों में घुस गया। इससे दो मकान, एक मोटर पुल और कई पैदल मार्ग ध्वस्त हो गए, जबकि दो महिला समेत तीन ग्रामीणों के लापता होने की सूचना है।
वहीं तीन घायल व्यक्तियों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव शुरू कर दिया। हालांकि अंधेरा होने के कारण टीम को परेशानी झेलनी पड़ी। रविवार देर शाम तेज बारिश के बाद जिला मुख्यालय के 15 किमी क्षेत्र में पडने वाले निराकोट और कंकराड़ी गांव में बादल फटा। इससे बरसाती गदेरों में उफान आ गया। जिला आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार कंकराड़ी गांव में दो मकान ध्वस्त हो गए। इनमें लोग थे या पहले ही सुरक्षित स्थानों पर चले गए थे, इसका पता नहीं चल पाया है। वहीं कंकराड़ी के एक व्यक्ति, जबकि मांडो गांव की दो महिलाओं के लापता होने की सूचना है। साथ ही मांडो गांव के तीन ग्रामीण घायल भी हुए हैैं। घायलों में गणेश बहादुर, रविंद्र और रामबालक यादव शामिल हैैं। इसके अलावा उत्तरकाशी-लंबगांव मोटर मार्ग पर साड़ा के पास मोटर पुल भी क्षतिग्रस्त हो गया। कंकराड़ी, मांडो और निराकोट गांवों में भी कई घरों में मलबा घुस गया। इस दौरान ग्रामीणों ने मुस्टिकसौड़ मोटर मार्ग पर भागकर जान बचाई।
Also Read....  मुख्यमंत्री ने वीर जवानों को अपने हाथों से खिलाई मिठाई, उनके साथ बाँटी दीपावली की खुशियाँ