यूजेवीएन लिमिटेड के 90 मेगावाट क्षमता के तिलोथ जल विद्युत गृह द्वारा जुलाई माह का रिकार्ड उत्पादन

230
Voice of Uttarakhand

उत्तरकाशी / देहरादून –  यूजेवीएन लिमिटेड की जनपद उत्तरकाशी में स्थित 90 मेगावाट क्षमता की मनेरी भाली प्रथम जल विद्युत परियोजना के तिलोथ विद्युत गृह द्वारा अपनी स्थापना के बाद से अब तक का जुलाई माह का सर्वाधिक विद्युत उत्पादन किया गया है। सीमांत जनपद उत्तरकाशी में भगीरथी नदी पर स्थित तथा 1984 में ऊर्जीकृत 90 मेगावाट क्षमता की मनेरी भाली प्रथम परियोजना के तिलोथ जल विद्युत गृह द्वारा जुलाई 2024 में 61.356 मिलियन यूनिट विद्युत उत्पादन किया गया। इससे पूर्व तिलोथ विद्युतगृह द्वारा स्थापना के बाद का जुलाई माह का अधिकतम विद्युत उत्पादन जुलाई 2011 में किया गया था जो कि 60.42 मिलियन यूनिट था। साथ ही जुलाई 2024 में ही निगम की परियोजनाओं द्वारा 616.944 मिलियन यूनिट विद्युत उत्पादन किया गया जो कि वर्ष 2015-16 के बाद से अभी तक का किसी भी वर्ष के जुलाई माह का निगम की परियोजनाओं द्वारा किया गया सर्वाधिक विद्युत उत्पादन है। उल्लेखनीय है कि यह उपलब्धि निगम द्वारा तब हासिल की गई है जबकि विगत वर्ष की तुलना में इस वर्ष टौंस नदी में जल प्रवाह 80 प्रतिशत तक तथा यमुना नदी में जल प्रवाह 62 प्रतिशत तक काम रहा है। प्रबंध निदेशक डॉ संदीप सिंघल ने विद्युत उत्पादन की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसका श्रेय विद्युत परियोजनाओं के कुशल प्रबंधन, बेहतर रखरखाव द्वारा मशीनों के ब्रेकडाउन समय में कमी तथा कार्मिकों की मेहनत लगन तथा बेहतरीन कार्य संस्कृति को देते हुए आशा व्यक्त की कि निगम निकट भविष्य में और अच्छा प्रदर्शन करते हुए ऊर्जा क्षेत्र में और अधिक तरक्की करेगा।

Also Read....  मुख्यमंत्री ने वीर जवानों को अपने हाथों से खिलाई मिठाई, उनके साथ बाँटी दीपावली की खुशियाँ