केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जीपी नड्डा ने पिथौरागढ़ में ली वाइब्रेंट विलेज योजना के कार्यों की जानकारी, जवानों से की भेंट

236
Voice of Uttarakhand

– पूरा देश वीर जवानों के त्याग और बलिदान का सम्मान करता है :  जेपी नड्डा

– ⁠देश की ओर से ऑपरेशन सिंदूर की सफलता हेतु सेना की उत्कृष्ट सेवा के लिए धन्यवाद देता हूं : केंद्रीय मंत्री  नड्डा

– ⁠प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आदि कैलाश क्षेत्र के भ्रमण के बाद श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की आवाजाही में हुई वृद्धि :  नड्डा

पिथौरागढ़ : स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण और रसायन एवं उर्वरक मंत्री भारत सरकार  जेपी नड्डा अपने आदि कैलाश ओम पर्वत भ्रमण के तहत आज रविवार को गुंजी हेलीपैड पहुंचें, जहां स्थानीय लोगों द्वारा रंग संस्कृति की पगड़ी पहनाकर पारंपरिक ढंग से उनका स्वागत किया गया। इसके पश्चात् केन्द्रीय मंत्री  जे0पी0 नड्डा आर्मी गेस्ट हाउस पहुंचें, जहां उन्होंने सेना, आई.टी.बी.पी तथा एस.एस.बी के जवानों से मुलाकात कर सीमा क्षेत्र की सुरक्षा हेतु तैनात हथियारों व उपकरणों की जानकारी ली। उन्होंने यहां तैनात भारतीय सेना, एसएसबी, आईटीबीपी के वीर जवानों से मुलाकात की।

इसके बाद उन्होंने जवानों के साथ बातचीत की और दुर्गम परिस्थितियों में भी देश की सीमाओं की रक्षा करने के उनके अदम्य साहस और समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि पूरा देश इन वीर जवानों के त्याग और बलिदान का सम्मान करता है और उनकी कर्तव्यनिष्ठा पर गर्व करता है। जवानों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि, आप सभी देश की सुरक्षा के प्रहरी हैं। आपकी वीरता और निष्ठा के कारण ही देशवासी सुरक्षित महसूस करते हैं। मैं व्यक्तिगत रूप से और पूरे देश की ओर से आपको ऑपरेशन सिंदूर की सफलता हेतु आपको आपकी उत्कृष्ट सेवा के लिए धन्यवाद देता हूं। उन्होंने जवानों को सरकार की ओर से हर संभव सहायता और समर्थन का आश्वासन दिया।  नड्डा ने इस दौरान नाबी गांव के लोगों को भी संबोधित किया।

Also Read....  नगर पंचायत, सतपुली अध्यक्ष के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस, वित्तीय, प्रशासनिक अधिकारों पर लगी रोक

जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी ने जनपद के विभिन्न विभागों से संबंधित वाइब्रेंट विलेज के अंतर्गत गतिमान योजनाओं एवं प्रस्तावित कार्यक्रमों की पावर प्वाइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जानकारी दी। उन्होंने जनपद के सभी विकासखंडों के अंतर्गत आने वाले वाइब्रेट विलेज की जानकारी देते हुए ,पर्यटन विभाग द्वारा जनपद में पर्यटन को बढ़ावा देने हेतु चलाई जा रही योजनाओं एवं आदि कैलाश, ओम पर्वत यात्रा हेतु व्यवस्थाओं की जानकारी भी दी। स्वदेश दर्शन 2.0 योजना के तहत प्रस्तावित कार्यों की जानकारी , पीएमजीएसवाई धारचूला एवं मुनस्यारी द्वारा प्रस्तावित सड़क मार्गों स्थानीय उत्पादों से रोजगार की उपलब्धता के विषय में भी श्री नड्डा को जानकारी दी।

Also Read....  विरासत-2026 की प्रथम विरासत साधना में 25 स्कूलों के ऊर्जावान बच्चों ने शास्त्रीय भरतनाट्यम और कथक की प्रस्तुतियों से कर दिया सभी को ओत-प्रोत

उन्होंने बताया कि आईटीबीपी और क्षेत्रीय पशुपालकों को सहयोग प्रदान करने हेतु एक महत्वपूर्ण पहल राज्य सरकार एवं आईटीबीपी में मध्य शुरू की गयी है। इस योजना के अर्न्तगत पिथौरागढ़ जिले में आईटीबीपी को ताजा, उच्च गुणवत्ता वाली पोल्ट्री एवं MOH (goat meat or sheep meat) की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। इस योजना में सहकारी समितियां और किसान उत्पादक संगठन आईटीबीपी को खाद्य पदार्थ की आपूर्ति में शामिल है।

इसके बाद केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री  जे0 पी0 नड्डा द्वारा पवित्र आदि कैलाश क्षेत्र के दर्शन कर आदि कैलाश एवं पार्वती कुंड के निकट विराजमान भगवान शिव के मंदिर में पहुंचकर पूर्ण विधि-विधान से भगवान शिव की आराधना की और देश वासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली के लिए प्रार्थना की। उन्होंने क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और आध्यात्मिक महत्व की प्रशंसा करते हुए इसे अद्वितीय बताया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी के आदि कैलाश के पवित्र क्षेत्र के भ्रमण के पश्चात, इस क्षेत्र में श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की आवाजाही में वृद्धि हुई है। इस बढ़ी हुई गतिविधि ने स्थानीय समुदायों के लिए रोजगार के नए अवसर उत्पन्न किए हैं, जिससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिला है।

Also Read....  विरासत-2026 की प्रथम विरासत साधना में 25 स्कूलों के ऊर्जावान बच्चों ने शास्त्रीय भरतनाट्यम और कथक की प्रस्तुतियों से कर दिया सभी को ओत-प्रोत

प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी की आदि कैलाश यात्रा ने इस क्षेत्र की आध्यात्मिक महत्ता को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उजागर करने के साथ ही साहसिक और आध्यात्मिक पर्यटन के एक महत्वपूर्ण गंतव्य के रूप में इस क्षेत्र की पहचान को भी मजबूत किया है। इसके परिणामस्वरूप, पिछले कुछ वर्षों में आदि कैलाश और इसके आसपास के क्षेत्रों में आने वाले पर्यटकों और भक्तों की संख्या में कई गुना वृद्धि हुई है, इसके पश्चात् उन्होंने ज्योलिंगकांग स्थित त्रिशूल के समीप मंदिर के दर्शन किए एवं यहां सेना के जवानों के साथ वार्ता कर उनका हौसला बढ़ाया।

इस दौरान सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री भारत सरकार अजय टम्टा, दुग्ध एवं पशुपालन मंत्री सौरभ बहुगुणा, जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, उपजिलाधिकारी धारचूला मंजीत सिंह, आर्मी, आईटीबीपी, एस एस बी के अधिकारियों सहित संबंधित विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।