15 जनवरी 2026 से 30 जनवरी 2026 तक भारतीय सेना अग्निवीर भर्ती रैली के लिए महत्वपूर्ण जानकारी

121
Voice of Uttarakhand

– भारतीय सेना — राष्ट्र का गौरव

देहरादून – भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में राष्ट्र सेवा का पहला चरण लिखित सामान्य प्रवेश परीक्षा (CEE) 2025 उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थियों के लिए अब अगला चरण प्रारंभ होने जा रहा है। अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन 15 जनवरी 2026 से 30 जनवरी 2026 तक गब्बर सिंह कैंप, कोटद्वार में किया जाएगा, जिसमें दौड़ एवं शारीरिक दक्षता परीक्षण आयोजित होंगे।

यह भर्ती रैली गढ़वाल क्षेत्र के 07 जिलों — चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, देहरादून एवं हरिद्वार के 13,000 से अधिक अभ्यर्थियों के लिए आयोजित की जा रही है। भर्ती अग्निवीर जनरल ड्यूटी (GD), अग्निवीर क्लर्क/एसकेटी, अग्निवीर टेक्निकल एवं अग्निवीर ट्रेड्समैन पदों के लिए की जाएगी।

Also Read....  केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तराखण्ड पुलिस को प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस निशान से किया अलंकृत

अभ्यर्थियों को सूचित किया जाता है कि रैली स्थल पर पहुंचने पर उनका आधार सत्यापन किया जाएगा। इसके लिए अभ्यर्थी आधार से लिंक मोबाइल नंबर साथ लेकर आएं। सभी पात्र अभ्यर्थियों को अपना एडमिट कार्ड, सभी मूल प्रमाणपत्र एवं उनकी तीन-तीन स्वप्रमाणित छायाप्रतियां साथ लाना अनिवार्य है। आवश्यक दस्तावेजों में पैन कार्ड, आधार कार्ड, ऑनलाइन जनित पुलिस चरित्र प्रमाणपत्र, 20 पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो, शैक्षणिक योग्यता प्रमाणपत्र, स्थायी निवास प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र, विद्यालय चरित्र प्रमाणपत्र शामिल हैं। कक्षा 8 की अंकतालिका पर जिला शिक्षा अधिकारी के हस्ताक्षर अनिवार्य हैं, जबकि धर्म प्रमाणपत्र, चरित्र प्रमाणपत्र एवं अविवाहित प्रमाणपत्र पर सरपंच के हस्ताक्षर होने चाहिए। आवश्यकता होने पर रिलेशन सर्टिफिकेट, एनसीसी प्रमाणपत्र एवं खेल प्रमाणपत्र भी रैली अधिसूचना के अनुसार साथ लाएं। शपथ पत्र (Affidavit) रैली स्थल पर ही तैयार किया जाएगा।

Also Read....  केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तराखण्ड पुलिस को प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस निशान से किया अलंकृत

इस अवसर पर कर्नल आर.एस. पंवार, निदेशक, सेना भर्ती कार्यालय (ARO) लैंसडौन ने हमारे संवाददाता से बातचीत में  स्वाति भदौरिया, जिलाधिकारी पौड़ी,  छतर सिंह चौहान, उपजिलाधिकारी कोटद्वार एवं नागरिक प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने रैली की आवश्यकताओं को भली-भांति समझते हुए अत्यंत कुशलता से समुचित सहयोग प्रदान किया है। कर्नल पंवार ने अभ्यर्थियों को दलालों एवं एजेंटों से दूर रहने की सलाह दी और स्पष्ट किया कि सेना में चयन प्रक्रिया पूर्णतः निष्पक्ष एवं पारदर्शी है। दस्तावेज़ीकरण, शारीरिक परीक्षण एवं चिकित्सीय परीक्षण के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाता।

Also Read....  केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तराखण्ड पुलिस को प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस निशान से किया अलंकृत

अनुमान है कि प्रतिदिन लगभग 1100 अभ्यर्थी कोटद्वार पहुंचेंगे। दूरस्थ जिलों से आने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा हेतु परिवहन निगम द्वारा अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की गई है। अभ्यर्थियों को सूचित किया जाता है कि मैदान में प्रवेश के लिए दो अलग-अलग प्रवेश द्वार होंगे—एक दौड़ में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों के लिए तथा दूसरा चिकित्सीय परीक्षण हेतु चयनित अभ्यर्थियों के लिए।

रैली के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। किसी भी अग्नि दुर्घटना से बचाव हेतु अग्निशमन विभाग के कर्मी मैदान में उपस्थित रहेंगे। इसके अतिरिक्त, चिकित्सा अधिकारी, स्वास्थ्य कर्मी एवं एंबुलेंस प्राथमिक उपचार हेतु उपलब्ध रहेंगे।