यूजेवीएन लिमिटेड ने अपनाया “नो व्हीकल डे”

72
Voice of Uttarakhand

– “ऊर्जा बचत, पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास” की ओर बढ़ा यूजेवीएन

देहरादून –  प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी जी के ऊर्जा संरक्षण, ईंधन बचत एवं संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग संबंधी आह्वान तथा माननीय मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी जी के पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास संबंधी विजन के अनुरूप यूजेवीएन लिमिटेड द्वारा महत्वपूर्ण पहल करते हुए सप्ताह में एक दिन “नो व्हीकल डे” लागू करने का निर्णय लिया गया है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए यूजेवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने बताया कि निगम के सभी महाप्रबंधकों एवं उपमहाप्रबंधकों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने नियंत्रणाधीन कार्यालयों में सप्ताह में एक दिन “नो व्हीकल डे” निर्धारित करें। मुख्यालय में यह दिवस शनिवार को रखा जाएगा, जबकि क्षेत्रीय इकाइयों में स्थानीय सुविधा के अनुसार संबंधित अधिकारी दिवस निर्धारित करेंगे।

Also Read....  विद्यार्थियों के मधुर-मनमोहक सुरों और वाद्य संगीत के संगम से महक उठी विरासत साधना

उन्होंने बताया कि ऊर्जा खपत कम करने के उद्देश्य से कार्यालयों एवं सरकारी भवनों में एयर कंडीशनर का उपयोग न्यूनतम तथा केवल आवश्यकता पड़ने पर ही किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। ईंधन बचत एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने हेतु अधिकारियों एवं कर्मचारियों को साइकिल से कार्यालय आने-जाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है तथा सार्वजनिक परिवहन के अधिकाधिक उपयोग पर भी बल दिया गया है। साथ ही कर्मचारियों को इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग हेतु भी प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे स्वच्छ ऊर्जा आधारित परिवहन को बढ़ावा मिल सके।

Also Read....  मौसम विभाग के अलर्ट के दृष्टिगत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को सतर्क रहने के दिए निर्देश

अजय कुमार सिंह ने बताया कि निगम की कैंटीनों में खाद्य पदार्थों के निर्माण में तेल के उपयोग को यथासंभव कम करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त यथासंभव वर्चुअल मीटिंग आयोजित किए जाने, गैर-जरूरी सरकारी खर्चों में कमी लाने तथा विदेश यात्राओं को सीमित करने के निर्देश जारी किए गए हैं। प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने बताया कि कि ऊर्जा संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में पहल करते हुए निगम द्वारा पूर्व में ही मुख्यालय उज्ज्वल एवं यमुना कालोनी स्थित गंगा भवन में 238 किलोवाट के रूफ-टॉप सौर ऊर्जा संयंत्र एवं सौर-वृक्ष (Solar-Tree) भी स्थापित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त डाकपत्थर, ढकरानी, ऋषिकेश तथा हरिद्वार स्थित निगम कार्यालयों में भी 91 किलोवाट के रुफ-टाॅप सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित हैं। इसी के साथ इलैक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग हेतु मुख्यालय उज्ज्वल परिसर में चार्जर की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।

Also Read....  मौसम विभाग के अलर्ट के दृष्टिगत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को सतर्क रहने के दिए निर्देश

उन्होंने कहा कि यूजेवीएन लिमिटेड प्रधानमंत्री जी के “ऊर्जा बचत, पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास” के संकल्प तथा माननीय मुख्यमंत्री जी के हरित एवं स्वच्छ उत्तराखंड के विजन को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है तथा निगम के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी इस अभियान में सक्रिय सहयोग देंगे।