Big News कुछ दबंगों ने एक घर में घुसकर मां-बेटी पर किया हमला

291
Voice of Uttarakhand

ऋषिकेश/देहरादून। ऋषिकेश कोतवाली क्षेत्र के कुम्हारबाड़ा में कुछ दबंगों ने एक घर में घुसकर महिला और उसकी बेटी पर हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों को एकत्रित होते देख हमलावर धमकी देते हुए फरार हो गए। घायल मां और बेटी को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित महिला का आरोप है कि बनखंडी निवासी एक व्यक्ति उनकी दो दुकानों पर कब्जा करने का प्रयास कर रहा है। शिकायत के बाद भी पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का भी आरोप लगाया है।

Also Read....  अवैध निर्माण और प्लॉटिंग पर एमडीडीए का प्रहार, 13 बीघा अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त

घटनाक्रम के मुताबिक लक्ष्मी देवी पत्नी रमेश प्रजापति निवासी कुम्हारबाड़ा, ऋषिकेश ने पुलिस से शिकायत की है कि मंगलवार को वह और उनकी बेटी शिवानी घर पर थे। उनके पति, दो बेटियां काम पर और बेटा स्कूल गया हुआ था। सुबह करीब 11.30 बजे अचानक कुछ लोग जबरन उनके घर में घुस आए और गाली गलौज करने लगे। समझाने का प्रयास करने पर मारपीट पर उतारू हो गए। आरोप है कि दबंग महिला के बाल पकड़कर उसे खींचते हुए बाहर लाए और लात घूंसे चलाने लगे।

Also Read....  अवैध निर्माण और प्लॉटिंग पर एमडीडीए का प्रहार, 13 बीघा अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त

मां को बचाने के लिए बेटी आयी तो दबंगों ने उसके साथ भी मारपीट की। पीड़ित महिला का आरोप है कि मारपीट करने वालों में शामिल एक लड़के ने बदनीयती से उनकी बेटी के साथ छेड़छाड़ भी की। आरोपी मारपीट करते हुए लगातार उनको दुकान खाली करने के लिए धमका रहे थे। मां और बेटी की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग उनके घर की ओर दौड़े। लोगों को आते देख हमलावर भाग निकले। महिला ने बताया कि उनके पास दो दुकानें हैं। इन्हें बनखंडी निवासी एक व्यक्ति कब्जाने का प्रयास कर रहा है। पीड़ित महिला का आरोप है कि कई बार शिकायत के बाद भी पुलिस आरोपी पर कार्रवाई नहीं कर रही है। महिला का आरोप है कि प्रभावशाली लोगों के दबाव में पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। वरिष्ठ उपनिरीक्षक डीपी काला ने बताया कि दोनों पक्षों में भूमि पर कब्जे को लेकर विवाद है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद कार्रवाई की जाएगी।

Also Read....  अवैध निर्माण और प्लॉटिंग पर एमडीडीए का प्रहार, 13 बीघा अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त